-->


MP TOP STORIES

Tuesday, April 27, 2010

कड़ी मेहनत, ईमानदारी एवं आज्ञापालन सफलता का मूलमंत्र

 परिस्थितियों में अपने को ढाल लेनें की कला सीखनें
कड़ी मेहनत, ईमानदारी एवं आज्ञापालन ही सार्वजनिक सेवा को चयन करने वाले अधिकारियों के लिये सफलता का मूलमंत्र है। इस आशय के उद्गार सी.बी.आई. निदेशक श्री अश्विनी कुमार ने आज यहाँ आर.सी.व्ही.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में अखिल भारतीय/केन्द्रीय सेवाओं के अधिकारियों के विशेष आधारभूत प्रशिक्षण के समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुये व्यक्त किये।
कार्यक्रम की अध्यक्षता म.प्र. के मुख्य सचिव श्री अवनि वैश्य ने की। इस अवसर पर प्रशासन अकादमी के महानिदेशक डॉ. संदीप खन्ना, पूर्व मुख्य सचिव श्री के.एस. शर्मा, सेवारत एवं सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक पुलिस सेवा के अधिकारी, विषय विशेषज्ञ और प्रशिक्षु अधिकारी उपस्थित थे।

सी.बी.आई. निदेशक श्री अश्विनी कुमार ने कहा कि शासकीय सेवा में गीता का उपदेश – कर्म करनें और फल की इच्छा न रखनें का आज भी चरितार्थ होता है। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को सफलता का सीधा रास्ता अपनानें और पानी के समान परिस्थितियों में अपने को ढाल लेनें की कला सीखनें की बात कही। श्री अश्विनी कुमार ने कहा कि इसके अलावा अन्य अपनायें जानें वाले रास्तों से सार्वजनिक सेवा के क्षेत्र में स्थायी सफलता प्राप्त होना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपनें जीवन का मुख्य लक्ष्य 'खुशहाली' को बनायें।

मुख्य सचिव श्री अवनि वैश्य ने अपने संबोधन में प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा कि वे आम जनता के प्रति संवेदनशील रहकर, जन सामान्य की समस्याओं के शीघ्र निराकरण का प्रयास करें तथा विकास के प्रति सकारात्मक रूख अपनायें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपनें से वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भी सम्मानजनक व्यवहार करें। तभी उन्हें अपनें दायित्व के निर्वहन में सफलता प्राप्त होगी।

प्रारंभ में प्रशासन अकादमी महानिदेशक डॉ. संदीप खन्ना ने प्रशिक्षण समापन कार्यक्रम के अतिथियों एवं उपस्थित अन्य लोगों का स्वागत करते हुये अतिथियों का परिचय कराया। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय/केन्द्रीय सेवा के चयनित वरिष्ठ एवं नये अधिकारियों के लिये आयोजित 15 सप्ताह के विशेष आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिये निर्धारित मापदण्डानुसार अकादमी में प्रशिक्षण की अच्छी से अच्छी व्यवस्था करने का प्रयास किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 82 अधिकारी शामिल हुये जिसमें 62 भारतीय पुलिस सेवा, 8 भारतीय डाक एवं लेखा सेवा, दस भारतीय वन सेवा एवं दो भारतीय रक्षा संपदा सेवा के अधिकारी शामिल थे।

श्री अश्विनी कुमार ने विशेष आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम की स्मारिका 'मनीषा' और 'बैच बुक' का औपचारिक रूप से विमोचन किया।

पुरस्कार वितरण - मुख्य अतिथि श्री अश्विनी कुमार ने विशेष आधारभूत प्रशिक्षण के द्वारा आयोजित शैक्षणिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में विशिष्ट स्थान प्राप्त करनें वाले प्रशिक्षु अधिकारियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। जिसके अंतर्गत परीक्षा में श्रेष्ठ आनें पर आई.पी.एस. श्री अश्विनी कुमार को स्वर्ण पदक, पी.टी. में श्रेष्ठ स्थान पानें पर आई.पी.एस. सुश्री ममता विश्नोई को स्वर्ण पदक, पी.टी. में श्रेष्ठ स्थान प्राप्त करनें वाले म.प्र. केडर के आई.पी.एस. डॉ. आशीष को स्वर्ण पदक प्रदान करनें के साथ ही बेस्ट आल राउण्डर के खिताब से आई.पी.एस. श्री जितेन्द्र सिंह मीणा को नवाजा गया। सर्वश्रेष्ठ निबंध लेखन हेतु आई.पी.एस. श्री रामगोपाल, सर्वश्रेष्ठ पुस्तक समीक्षा हेतु इंडियन पोस्टल सेवा के श्री मनीष कुमार गुप्ता तथा सर्वश्रेष्ठ पुरूष खिलाड़ी हेतु आई.पी.एस. श्री चन्द्रकिशोर मीना एवं सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी के लिये आई.पी.एस. श्रीमती पुष्पांजलि देवी को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य सचिव श्री अवनि वैश्य ने छिंदवाड़ा में पदस्थ नेत्रहीन आई.ए.एस. अधिकारी श्री कृष्ण गोपाल तिवारी को विशेष साफ्टवेयर (ब्रेल) भेंट किया।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं अन्य समस्त लोगों का आभार प्रशासन अकादमी के संचालक श्री मुक्तेश वार्ष्णेय ने व्यक्त किया।

0 comments:

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...
 
Blog template by mp-watch.blogspot.com : Header image by Admark Studio