Search

Loading...
Merriam-Webster Online
 Dictionary
 Thesaurus


Wednesday, November 11, 2009

प्रदेश के सभी छः मेडीकल कॉलेज में ई-लायब्रेरी

ए.पी.एल. बी.पी.एल मरीजों का अलग दवा स्टोर
Bhopal:Tuesday, November 10, 2009 प्रदेश के सभी छः मेडीकल कॉलेज में ई-लायब्रेरी स्थापित होंगी। हर मेडीकल कॉलेज से जुड़े अस्पतालों में दीनदयाल अन्त्योदय उपचार योजना के तहत दी जाने वाली दवाइयों का अलग स्टोर एवं सामान्य वर्ग को दी जाने वाली दवाइयों का अलग स्टोर होगा।
सभी मेडीकल कॉलेजों को और उनके अस्पताल सी.सी.टी.वी. से जोड़े जाएंगे जिनकी गतिविधियों को भोपाल में भी बैठकर देखा जा सकेगा। यह महत्वपूर्ण निर्णय लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा आयुष, जैव विविधता, जैव प्रौद्योगिकी एवं जनशिकायत निवारण मंत्री श्री अनूप मिश्रा की अध्यक्षता में भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रीवा, ग्वालियर, सागर मेडीकल कॉलेज एवं दंत चिकित्सा महाविद्यालय इंदौर की स्वशासी समिति की बैठक में लिए गए।
यह बैठक पहली बार स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में हुई है इसके पूर्व संबंधित संभागीय आयुक्तों की अध्यक्षता में स्वशासी समिति गठित होती थी। बैठक में प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा श्रीमती विजया श्रीवास्तव, संचालक चिकित्सा शिक्षा श्री व्ही.के.सेनी, एम.सी.आई मानदंडों के अनुरूप मेडीकल कॉलेज बनाने के लिए गठित समिति के श्री निर्भय श्रीवास्तव एवं सभी मेडीकल कॉलेज के डीन उपस्थित थे।
चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री अनूप मिश्रा ने 9-10 नवंबर को निरंतर 14 घंटे बैठकर स्वशासी समिति की बैठक की अध्यक्षता कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए। श्री मिश्रा ने कहा कि सभी मेडीकल कॉलेज की लायब्रेरी अत्याधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए।
उन्होंने ई-लायब्रेरी बनाने तथा साथ ही इसे कलकत्ता की नेशनल लायब्ररी से लिंक करने को कहा ताकि मेडीकल छात्रों एवं चिकित्सकों को संबंधित उत्कृष्ट पुस्तकें तथा जनरल देखने को मिल सके। स्वास्थ्य मंत्री श्री मिश्रा ने कहा कि अस्पतालों में बी.पी.एल एवं ए.पी.एल. के जो भी मरीज आते हैं उन्हें नि:शुल्क दवाई दी जाए।
इसके लिए हर मेडीकल अस्पताल में दीनदयाल अंत्योदय उपचार योजना से मिलने वाले बजट के मद से खरीदी गई दवाइयों का अलग से स्टोर तथा सामान्य बजट से खरीदी गई दवाइयों का अलग से स्टोर बनाया जाए। श्री मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि बाजार से खरीदने की कोई भी पर्ची मरीज को नहीं दी जाए।
बाजार से जो भी दवा खरीदना हो तो इसके लिए पहले से ही दस दिन की आवश्यकतानुसार दवा स्टोर कर रखी जाए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रशासनिक कसावट के लिए मेडीकल कॉलेज अस्पतालों को सी.सी.टी.वी. से जोड़ा जाए।
उसे संचालक चिकित्सा शिक्षा के कमरे से ऑन लाइन किया जाए ताकि वहां की व्यवस्थाओं, चिकित्सकों की उपस्थिति एवं मरीजों के इलाज की मॉनिटरिंग राजधानी में ही बैठकर ही की जा सके। स्वास्थ्य मंत्री ने हर अस्पताल में मॉडलुयर किचन बनाने को कहा।
उन्होंने फर्नीचर क्रय करने की मांग पर कहा कि इसका एक संयुक्त प्लान बनाकर ऐसा फर्नीचर डिजाइन कराया जाए जिससे उपलब्ध स्थान का अधिक से अधिक उपयोग हो सके। उन्होंने सभी मेडीकल कॉलेज एवं अस्पतालों में ए.सी. के स्थान पर डक्टिंग कूलिंग व्यवस्था करने को कहा इससे रखरखाव में कमी और बिजली की बचत दोनों हो सकेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्वशासी समिति की बैठक में एम.सी.आई. मानदंडों के अनुरूप कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये। बैठक में स्टाफ की कमी दूर करने तथा वार्षिक बजट को मंजूरी प्रदान की गई। श्री मिश्रा ने बैठक में कहा कि सरकार की प्राथमिकता दो बिन्दुओं पर है।
सबसे पहले एम.सी.आई. के मानदंडों के अनुरूप मेडीकल कॉलेज बनाना साथ ही मरीजों के लिए अस्पताल में बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी मेडीकल कॉलेज अपनी जो भी गतिविधियां संचालित करें वेे इन्हीं दो बिन्दुओं पर आधारित होना चाहिए।

Full story......

Tuesday, November 10, 2009

राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के शिक्षकों को छठवां वेतनमान

तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री लक्ष्मीकांत शर्मा द्वारा घोषणा
Bhopal:Monday, November 9, 2009: तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री लक्ष्मीकांत शर्मा ने घोषणा की है कि राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के शिक्षकों को छठवां वेतनमान दिया जाएगा।श्री शर्मा ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं अधिकारियों के संघ के प्रतिनिधि मण्डल से भेंट के उपरांत विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पीयुष त्रिवेदी से चर्चा कर यह घोषणा की।
विश्वविद्यालय शिक्षक संघ ने तकनीकी शिक्षा मंत्री को इस संबंध में एक ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा गया कि अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद् (ए.आई.सी.टी.ई.) द्वारा छठवां वेतनमान की घोषणा की जा चुकी है। ज्ञापन में इसी के अनुरूप विश्वविद्यालय के शिक्षकों को वेतनमान देने की मांग की गई।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने इस ज्ञापन के संबंध में विश्वविद्यालय के कुलपति से चर्चा की। चर्चा में यह सहमति बनी कि विश्वविद्यालय के शिक्षकों को वेतनमान दिया जाना चाहिये। विश्वविद्यालय के कुलपति ने बताया कि यह वेतनमान देने से राज्य शासन पर कोई व्यय भार नही आयेगा। नया वेतनमान विश्वविद्यालय अपने संसाधनों से उपलब्ध करायेगा। गैर शिक्षकीय स्टाफ को पहले ही छठवां वेतनमान दिया जा चुका है।
विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने इस घोषणा के लिए तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री शर्मा का आभार व्यक्त किया।

Full story......

Monday, November 9, 2009

इक़बाल समारोह में चित्रकला और बैतबाजी आज

साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ. देवेन्द्र दीपक एवं इक़बाल प्रभाग के प्रभारी झम्मूं छुगाणी ने जानकारी दी कि इक़बाल मरकज़ के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में तथा सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तॉ हमारा के रचयिता अल्लामा इक़बाल के 132 वें जन्म वर्ष पर इक़बाल समारोह का आयोजन सोमवार 9 नवंबर 09 को मुल्ला रमूज़ी भवन में किया जा रहा है।
साहित्य अकादमी के अल्लामा इक़बाल साहित्य प्रभाग द्वारा आयोजित इस समारोह का शुभारंभ अल्लामा इक़बाल के अशआर पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता से सुबह 11 बजे होगा। चित्रकला प्रतियोगिता को तीन वर्गों में विभाजित किया गया है।
वर्ग 'अ' कक्षा 5 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए, वर्ग 'ब' कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए तथा वर्ग 'स' कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए है। प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कारों के साथ पांच-पांच प्रशंसा पुरस्कार भी दिए जाएंगे, जिसमें नकद राशि के साथ प्रतीक चिन्ह भी होंगे।
समारोह के दूसरे चरण में दोपहर एक बजे अंतरमहाविद्यालयीन बैतबाज़ी (शेर-ओ-शायरी की अंत्याक्षरी) मुक़ाबले में भोपाल के शा. हमीदिया, शा. गीतांजलि, शा. एम.एल.बी., सेफिया कला वाणिज्य, शा. एम.वी.एम. तथा जवाहरलाल नेहरू कला वाणिज्य महाविद्यालय की टीमें भाग ले रही हैं।
बैतबाज़ी का संचालन युवा शायर बद्रवास्ती करेंगे। बैतबाज़ी में प्रथम पुरस्कार पाने वाले को दो हजार रुपये, द्वितीय को एक हजार छह सौ एवं तृतीय को एक हजार दो सौ के साथ प्रतीक चिन्ह भी दिए जाएंगे। बैतबाजी में सबसे अच्छे अशआर पढ़ने वाले प्रतिभागी को विशेष प्रतिभा पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा, जिसमें एक हजार रुपये के साथ प्रतीक चिन्ह भी भेंट किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के पुरस्कार दोपहर 2.30 बजे मुल्ला रमूज़ी संस्कृति भवन में वितरित किए जाएंगे।
आयोजन में भाग लेने के लिए सभी से अपील की गई है।

Full story......

Wednesday, October 28, 2009

रोजगारमूलक शिक्षा व्यवस्था की आवश्यकता : राज्यपाल

इग्नू एवं आईसेक्ट के भागीदारी कार्यक्रम का शुभारम्भ
Bhopal:Tuesday, October 27, 2009:Updated 20:28IST राज्यपाल श्री रामेश्वर ठाकुर ने आज यहां इग्नू एवं आईसेक्ट के मध्य भागीदारी कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुए कहा कि भारतवर्ष 70 प्रतिशत ग्रामीण जनसंख्या वाला देश है। इसलिए यहां ऐसी शिक्षा व्यवस्था की आवश्यकता है जो रोजगार के अवसर उपलब्ध करा सके और लोगों का जीवन स्तर ऊंचा उठाने में मदद कर सके।
उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को अर्जित करने के लिए परम्परागत शिक्षा व्यवस्था के साथ-साथ नवीन तकनीकों का उपयोग भी सुनिश्चित करना होगा। इससे उम्र,क्षेत्र,धर्म तथा आर्थिक और सामाजिक भेदभाव के बिना देश के प्रत्येक भाग में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुलभ हो सकेगी।
राज्यपाल श्री ठाकुर ने प्रदेश के दूरस्थ अंचलों तक और सभी लोगों के लिए उच्च शिक्षा की व्यवस्था हेतु राष्ट्रीय इंदिरा गांधी मुक्त विश्वविद्यालय और अखिल भारतीय इलैक्ट्रानिक्स एवं कम्प्यूटर टेक्नालाजी सोसायटी के बीच भागीदारी कार्यक्रम को अच्छी पहल निरूपित किया। राज्यपाल ने कहा कि सूचना एवं संचार तकनीकी पर आधारित शिक्षा व्यवस्था की अधो-संचरना विकसित करने की आवश्यकता है।
आईसेक्ट और इग्नू द्वारा किये जा रहे कार्यों के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि इन संस्थाओं के बीच भागीदारी शुरू होने से उच्च शिक्षा को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने में अवश्य सफलता मिलेगी।
आईसेक्ट एवं इग्नू के भागीदारी कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनीस ने दोनों संस्थाओं को बधाई दी और कहा कि राज्य शासन इस कार्य में व्यावहारिक सहयोग प्रदान करने के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
कार्यक्रम में पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री सुरेश पचौरी, मध्यप्रदेश इलैक्ट्रानिक विकास निगम के अध्यक्ष श्री प्रेमशंकर वर्मा, इग्नू के कुलपति डा. राजशेखरन पिल्लई, आईसेक्ट के महानिदेशक श्री संतोष चौबे तथा आईसेक्ट के विभिन्न प्रदेशों के केन्द्र समन्वयक भी उपस्थित थे।
राज्यपाल ने इस अवसर पर आईसेक्ट के न्यूज बुलेटिन एवं पाठ्यक्रमों के नये स्वरूपों का लोकार्पण किया। आईसेक्ट द्वारा अतिथियों को संस्था के विभिन्न प्रकाशन और स्मृति चिंह भेंट किये गये।

Full story......

Navbharat Times

Entertainment:News

Bollywood Updates

 
blog template by Media-On-Watch : header image by Sagar Watch